सतना। चित्रकूट में पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी की गढ़ी के बाथरुम में मंगलवार की दोपहर २४ वर्षीया एक युवती सुमन निषाद ने पिस्टल से गोली मार कर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि युवती मां के साथ गढ़ी के सर्वेंट क्वार्टर में कई वर्षों से रह कर झाड़ू पोंछा और बर्तन धुलने का काम किया करती थी। वर्षों पहले सुमन के पिता की मृत्यु करंट लगने से हुई थी।

लाइसेंसी है पिस्टल :—

पुलिस ने बताया कि दोपहर ३ बजे के आसपास गढ़ी के बाथरुम में गोली चलने की आवाज सुनी गई। सुमन निषाद ने पूर्व विधायक की पत्नी अर्चना चौबे की लाइसेंसी पिस्टल से दायीं कनपटी में गोली मारी। सुमन को तत्काल जानकी कुंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर पर पुलिस के वैज्ञानिक अधिकारी डा. महेंद्र ङ्क्षसह ने मौके पर पहुंच कर फॉरेंसिक पड़ताल की। पोस्टमार्टम ३० जुलाई को कराया जाएगा। सुमन मूलत: यूपी के कर्वी कोतवाली अंतर्गत कटरा गूदर की रहने वाली थी। पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया है।

दो माह बाद होनी थी शादी : —-

घटना के संबंध में मृत युवती की मां सुधिया निषाद ने पुलिस को बताया कि दोपहर लगभग 3 बजे काम खत्म कर खाना खाने के बाद वह अपनी बेटी और एक अन्य कर्मचारी के साथ छत पर बैठी थी, तभी सुमन उठकर बाथरूम की तरफ चली गई और कुछ देर बाद ही गोली चलने की आवाज आई तो वह दौडक़र बाथरूम पहुंची, जहां बेटी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसने तुरंत अन्य लोगों को बताया, जिस पर गढ़ी में मौजूद लोग बेटी को घायल हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महिला के मुताबिक सुमन के विवाह की पूरी तैयारी हो चुकी थी, तिलक चढ़ चुका था और दो माह बाद शादी होनी थी, जिसके लिए गहने और अन्य चीजों की व्यवस्था भी हो चुकी थी। हालांकि बेटी ने किस वजह से यह आत्मघाती कदम उठाया, इसके बारे में सुधिया कुछ नहीं बता पाई।