जबलपुर, सिख धर्म के नौवें गुरु, हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शताब्दी शहीदी दिवस के अवसर पर आज जबलपुर के गुरुद्वारा ग्वारीघाट में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नारी मंच और सिख सेवक जत्थे द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस दौरान 350 बहु-उपयोगी पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया गया, जो गुरु जी के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को दर्शाता है। साथ ही, गुरु जी के प्रति आस्था और श्रद्धा व्यक्त करने के लिए एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने इस अवसर पर रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मात्र एक यूनिट रक्त तीन व्यक्तियों को जीवन दान दे सकता है। उन्होंने वृक्षारोपण को धरती माता के सम्मान और मानवता की भलाई का उत्तम कार्य बताया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पार्षद लवलीन आनंद, सरपंच श्रीमती मुन्नी यादव और गजेंद्र सिंह बांगा उपस्थित रहे, जिन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधान साहब गुलजीत सिंह साहनी, मनमोहन सिंह और श्रीमती ब्रिज कौर आनंद सहित चिकित्सक दल का इस कार्यक्रम में विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम का संचालन फुलवीर सिंह 'फूल' ने किया। अंत में, गुरु का लंगर और कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को याद करने और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास रहा।