सतना:मध्यप्रदेश के सतना जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह हत्या 31 जुलाई को ग्राम कैथा के खेत में नग्न अवस्था में मिली एक अज्ञात युवक की लाश के मामले से जुड़ी थी। जिसकी पहचान बाद में 22 वर्षीय पंकज सिंगरौल के रूप में हुई थी। 

दरअसल 31 जुलाई को जिले के ग्राम  पंचायत कैथा के सरपंच श्याम सिंह ने खेत में नग्न अवस्था में एक युवक की लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद सोशल मीडिया, गांवों के कोटवार और सरपंचों की मदद से पहचान का प्रयास किया गया। कई दिनों की कोशिश के बाद शव की पहचान ग्राम मतरी निवासी पंकज सिंगरौल के रूप में हुई।

पुराने विवाद को लेकर उतारा मौत के घाट

वही, जांच के दौरान पुलिस को चौकाने वाली जानकारी मिली  की कुछ समय पूर्व मुख्य आरोपी ब्रजेन्द्र कोरी के पिता का पंकज से विवाद हुआ था।विवाद के कुछ दिनों बाद बीमारी के चलते इलाज के दौरान आरोपी के पिता की मौत हो गयी थी। पुलिस ने बारीकी से जाँच की तो पता चला कि घटना वाले दिन पंकज, अपने साथियों बृजेन्द्र उर्फ विक्की कोरी, राहुल सिंह, जितेन्द्र उर्फ जीतू, चन्द्रपाल उर्फ मझिला और रावेन्द्र कोरी के साथ शराब पी रहा था। शराब के नशे में पंकज ने यह स्वीकार किया कि उसने ही ब्रजेन्द्र के पिता की हत्या की थी। यह बात सुनकर पांचों युवक उग्र हो गए और गुस्से में आकर पंकज के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक के कपड़े और जूते नदी में फेंके

सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने सबसे पहले शव को अमरपाटन रोड के टमस नदी की ओर ले जाने की कोशिश की थी। लेकिन लोगों की मौजूदगी के कारण ऐसा नहीं कर सके। फिर शव को खेतों के अंदर ले जाकर दबा दिया।इसके साथ ही पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने पंकज के कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए जिससे घटना को अवैध संबंध या दूसरी वजह से जोड़कर पेश किया जा सके।

सलाखों के पीछे पहुँचे पांचों आरोपी

वही, जांच के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।सभी आरोपियो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।