हरदा, शहर में सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल हवेली के ठीक सामने से एक युवक और युवती को दिनदहाड़े कुछ लोग जबरदस्ती गाड़ी में डालकर अगवा कर ले गए। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


 

क्या है पूरा मामला?

 

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे होटल हवेली के पास कुछ अज्ञात लोग एक युवक और युवती को घेर लेते हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वे दोनों को जबरदस्ती एक गाड़ी में बैठाते हैं और तेजी से मौके से फरार हो जाते हैं। यह घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अपहरणकर्ता मौके से गायब हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सिटी कोतवाली थाना पुलिस को दी।


 

सीसीटीवी फुटेज में सामने आए अहम सुराग

 

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती हरकत में आए और जांच के लिए एएसआई दिनेश शेखावत को मौके पर भेजा। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में न केवल अपहरण की पूरी घटना कैद हुई है, बल्कि कुछ संदिग्ध चेहरों की पहचान भी हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि फुटेज में छीपानेर रोड के स्वागत गेट के पास रहने वाला महेंद्र काशिव भी दिखाई दे रहा है, जिसे भीम आर्मी का संभागीय अध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस अब महेंद्र काशिव की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।


 

दतिया से भागकर हरदा पहुंचे थे प्रेमी जोड़े

 

सूत्रों से मिली जानकारी और शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस युवक-युवती का अपहरण किया गया है, वे दोनों दतिया जिले के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों प्रेम-प्रसंग में थे और अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर हरदा आए थे। पुलिस को आशंका है कि लड़की के परिजन ही इस अपहरण के पीछे हो सकते हैं, जिन्होंने अपने बच्चों को वापस ले जाने के लिए यह कदम उठाया।


 

एक ही गोत्र के होने से परिवार को था आपत्ति

 

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अपहृत युवती और उसके प्रेमी का घर दतिया में आमने-सामने है। सबसे अहम बात यह है कि दोनों एक ही गोत्र के बताए जा रहे हैं, जिसके कारण उनके परिवारों को उनके प्रेम-प्रसंग पर कड़ी आपत्ति थी। जब परिवार ने उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, तो दोनों ने घर से भागने का फैसला किया और हरदा आकर रहने लगे।