जबलपुर में सिख संगत ने किया बुजुर्गों का सम्मान: "अनुभव और जोश से बनता है सुदृढ़ समाज"

जबलपुर, सिख संगत द्वारा आज महानद्दा स्थित जमींदारा एसोसिएशन सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह और सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 95 वर्षीय सरदूल सिंह सहित 21 बुजुर्गों को शॉल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं के जोश से एक समृद्ध, सुदृढ़ और सुशिक्षित समाज के निर्माण पर जोर दिया।

वक्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश
समारोह में पूर्व मंत्री और संगत के अध्यक्ष हरेंद्र जीत सिंह बब्बू और इतिहासविद मंजीत सिंह खालसा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के निर्माण में दोनों पीढ़ियों का समन्वय आवश्यक है। गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी गुरमीत सिंह मीत ने समाज में व्याप्त मृत्युभोज जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने बच्चों की उच्च शिक्षा और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। अन्य वक्ताओं ने भी संगठित और समुन्नत समाज के निर्माण हेतु सामूहिक एकता पर बल दिया।

दलबीर सिंह जस्सल का अभिनंदन
इस दौरान हाल ही में कांग्रेस कमेटी के संयोजक बने दलबीर सिंह जस्सल का भी शॉल और पुष्पहारों से अभिनंदन किया गया। समारोह में नगर के समस्त गुरुद्वारों के साथ ही सिख समाज की सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डी एस जस्सल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन केंद्रीय गुरु सिंघ सभा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नगर अध्यक्ष अजीत सिंह नैयर सीटू ने किया। अंत में स्वल्पाहार के साथ समारोह का सोल्लास समापन हुआ। यह आयोजन सिख समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक कुरीतियों के निवारण के प्रति जागरूकता का परिचायक रहा।
म्यांमार में 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई