सीहोर: मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार को हुई एक दुखद घटना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा तब हुआ जब बुधवार को होने वाली पं. प्रदीप मिश्रा की कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु एक दिन पहले ही धाम पर पहुंच गए थे।

 

4000 की व्यवस्था, लाखों की भीड़

 

6 अगस्त को कुबेरेश्वर धाम से चितावलिया हेमा गांव तक कांवड़ यात्रा निकाली जानी है। आयोजकों और प्रशासन ने इस यात्रा में लगभग 4000 श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया था और इसी के अनुरूप व्यवस्थाएं की थीं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए नमक चौराहा, राधेश्याम कॉलोनी, बजरंग अखाड़ा, अटल पार्क, शास्त्री स्कूल, लुर्द माता स्कूल और सीवन नदी के पास जगह तय की गई थी। इसके अलावा, पूरे सावन मास प्रसादी वितरण की भी तैयारी थी।

हालांकि, मंगलवार को ही अनुमान से कहीं अधिक लोग धाम पर पहुंच गए। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि दर्शन, भंडारे और ठहरने की जगहों पर पैर रखने की जगह नहीं बची। भीड़ बेकाबू हो गई और कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में दो लोग नीचे गिर गए और भीड़ में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की। हालांकि, इस घटना ने बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।