रीवा – मध्य प्रदेश के रीवा जिले की मनगवां विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। विधायक का यह बयान सामने आया है कि मुसलमान भाजपा को कभी वोट नहीं देते, जिसने राजनीतिक हलकों में एक नई बहस छेड़ दी है।

वायरल वीडियो में विधायक नरेंद्र प्रजापति कह रहे हैं, "सतना में गणेश सिंह विधानसभा चुनाव इसलिए हारे थे, क्योंकि नजीराबाद में मुस्लिमों ने उन्हें वोट नहीं दिए।" उन्होंने आगे कहा, "रीवा में राजेंद्र शुक्ल को जरूर भाजपा का वोट मिलता है, लेकिन वह उनके व्यक्तिगत संबंधों की वजह से है। सिरमौर में दिव्यराज सिंह को इसलिए मिलता है क्योंकि वह पूर्व राजघराने से हैं।"

विधायक ने आगे कहा, "दादाभाई (गिरीश गौतम) को मुसलमान वोट नहीं देते। जब मनगवां के लोग वहां प्रयास करते हैं तब जाकर कुछ मिलता है।"

इस दौरान, वहां मौजूद कुछ लोगों ने विधायक से कहा, "हमने अपना ईमान-धर्म बेचकर आपको वोट दिया, फिर भी आप ऐसे आरोप लगा रहे हैं।" इस पर विधायक ने जवाब दिया, "जो सही है, वही बोल रहे हैं।"

वीडियो में विधायक प्रजापति हंसी-मजाक में यह भी पूछते हैं कि अगली बार जब मनगवां विधानसभा क्षेत्र सामान्य हो जाएगा, तब भाजपा को वोट दोगे या नहीं? जवाब में लोगों ने कहा कि वे जरूर वोट देंगे। यह वीडियो अब वायरल हो गया है और राजनीतिक गलियारों में इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।