नरसिंहपुर। भोपाल ड्रग्स मामले को लेकर आज बुधवार दोपहर नरसिंहपुर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेता लाखन सिंह पटेल के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में आम जनों व किसानों ने इस मामले में अखबारों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यासीन अहमद उर्फ मछली के साथ नरसिंहपुर के विधायक व कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल व उनके अनुज पूर्व जालम सिंह पटेल के साथ वायरल हो रहीं तस्वीरों को लेकर ड्रग्स कारोबारियों के इनसे सम्बन्ध होने की जाँच कर कार्रवाई की माँग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया को ज्ञापन सौंपा। कलेक्ट्रेट में प्रदेश के महामहिम राज्यपाल के नाम उक्त जनों ने किसानों की समस्याओं जिनमें यूरिया की वितरण में किसानों के साथ हो रही लापरवाही, मूँग खरीदी में किसानों की मूँग की तुलाई समय पर न होना, बिजली कटौती व अन्य माँगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। इसके पूर्व स्थानीय मुशरान पार्क चौराहे पर एक सभा का आयोजन कर प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों, जिले में बढ़ रहे नशे के अवैध कारोबार, युवा बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं पर अपने उदबोधन दिए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। इस दौरान सैंकड़ों प्रदर्शनकारी हाथों में तख्ती लिए कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल व मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ शहर के प्रमुख मार्गों से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुँचे।