सतना। जिले के सभापुर थाना इलाके के पडुहरा गांव से गुरुवार की शाम से लापता एक 19 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार को कुएं में तैरता पाया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवेंद्र पाठक की बेटी प्रांशी पाठक गुरुवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने आस पास एवं रिश्तेदारी में काफी तलाश किया। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई। इस बीच ग्रामीणों को गांव के बाहर खेत में एक कुएं में युवती का शव तैरता दिखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए बिरसिंहपुर उप स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है। टीआई शंखधर द्विवेदी ने बताया कि परिजनों के बयान के बाद पता चल पाएगा कि घटना हादसा है या फिर और कोई कारण था।