सतना,मध्यप्रदेश।। राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान के तहत शुक्रवार को सतना में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय और शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा कन्या महाविद्यालय से शुरू होकर स्टेशन रोड होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।

इस मौके पर छात्राओं ने कलेक्टर की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया। कॉलेज प्रबंधन ने कलेक्टर को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने सभी छात्र-छात्राओं व स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता भी देशभक्ति का एक रूप है।