सतना: रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सात वर्षीय मासूम की चलते ऑटो से उछलकर गिरने से मौत हो गई है। बच्चा अपनी मां के साथ राखी बांधने के लिए अपने मामा के घर जा रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमरपाटन थाना क्षेत्र के भड़री गांव निवासी अनीता कुशवाहा अपने 7 वर्षीय बेटे शिवम के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने मायके रामपुर बाघेलान के गुडुहरू गांव जा रही थीं। मां-बेटे बस से सफर कर सज्जनपुर बाईपास पर उतरे और वहां से गांव जाने के लिए एक ऑटो-रिक्शा में बैठ गए।

उछलकर सड़क पे जा गिरा मासूम

ऑटो में सवारियां ज्यादा होने के कारण चालक धर्मेंद्र ने मासूम शिवम को अपने बगल में सीट पर बैठा लिया। ऑटो कुछ ही दूर आगे बढ़ा था कि सज्जनपुर के पास अचानक एक झटका लगने से शिवम संतुलन खो बैठा और चलते ऑटो से उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा।सिर पर गंभीर चोट लगने से बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। हादसा होते ही ड्राइवर धर्मेंद्र तुरंत उसे ऑटो से लेकर बिरला हॉस्पिटल भागा लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया।

मातम में बदल गयी खुशियां

एक पल पहले जो मां अपने बेटे के साथ हंसती-बोलती जा रही थी।अगले ही पल उसकी गोद उजड़ गई। रक्षाबंधन का त्योहार परिवार के लिए कभी न भूलने वाला गम लेकर आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर ऑटो चालक से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।