शहडोल, मध्य प्रदेश। शहडोल के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ शादी के सिर्फ 80 दिन बाद ही एक युवक ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि 26 वर्षीय सौरभ तिवारी ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों और दहेज की मांग से तंग आकर यह कदम उठाया। युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर झूलता मिला है।

 

शादी के बाद शुरू हुआ विवाद

 

मसीरा गाँव के रहने वाले सौरभ तिवारी की शादी 23 मई 2025 को पास के ही गाँव चितराव की श्रेया पांडे से हुई थी। शुरुआती कुछ दिन तो ठीक थे, लेकिन शादी के 10 दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि श्रेया रात-रात भर किसी और से मोबाइल पर बात करती थी और पूछने पर सौरभ से झगड़ा करती थी। बाद में उसने खुद स्वीकार किया कि उसका किसी और से प्रेम संबंध है।

 

10 लाख रुपये और झूठे केस की धमकी का आरोप

 

परिजनों का यह भी आरोप है कि श्रेया ने सौरभ से 10 लाख रुपये नकद और बैंक खाते में ट्रांसफर करने की मांग की। जब सौरभ ने इसका विरोध किया, तो उसने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इन सब बातों से सौरभ गहरे अवसाद में चला गया था। मौत से पहले उसने अपने माता-पिता को फोन पर अपनी सारी पीड़ा बताई थी। उसके मोबाइल से एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसमें वह अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बात कर रहा है।

 

परिजनों ने की हत्या का मामला दर्ज करने की मांग

 

सौरभ की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उसकी बहन रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई में राखी नहीं बाँध पाई, और उसकी माँ लगातार उसकी तस्वीर देखकर रो रही है। सौरभ के माता-पिता ने जयसिंहनगर थाना प्रभारी और शहडोल एसपी को लिखित शिकायत देकर श्रेया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि उनके बेटे की हत्या है।

 

पत्नी ने आरोपों को बताया निराधार

 

इस मामले में सौरभ की पत्नी श्रेया पांडे का भी बयान सामने आया है। उसने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। श्रेया का कहना है कि ससुराल वाले उससे दहेज की मांग कर प्रताड़ित करते थे और उसने अपने पति पर शारीरिक रूप से कमजोर होने का भी आरोप लगाया है। जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायतें दर्ज कर ली हैं और मामले की गहनता से जाँच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जाँच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।