’’छात्रों में आपसी सम्मान और सौहार्द बढ़ाने के लिए 12 से 18 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान’’

जबलपुर, । नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में मंगलवार को “रैगिंग-मुक्त जागरूकता सप्ताह” का शुभारंभ हुआ। 12 से 18 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य रैगिंग के गंभीर परिणामों के बारे में छात्रों को जागरूक करना और परिसर में आपसी सम्मान, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा, ’“यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम एक ऐसा माहौल बनाएं, जिसमें हर छात्र सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। यह सप्ताह एक रैगिंग-मुक्त राष्ट्र की दिशा में छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।”’उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मरकाम, डॉ. गीता गोईन डॉ. ललित श्रीवास्तव, डॉ. रीना कोठारी, डॉ. रुचिर खरे, डॉ. प्रणव पराशर, डॉ. अनिरुद्ध शुक्ला, डॉ. मीना सिंह और डॉ. शमिख रजा मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि संस्थान की प्राथमिकता छात्रों की सुरक्षा और उनका सर्वांगीण विकास है, और रैगिंग जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों को जड़ से खत्म करना आवश्यक है। डीन डॉ. सक्सेना के मार्गदर्शन में पूरे सप्ताह के लिए कई आकर्षक गतिविधियों की योजना बनाई गई है। इनमें कला प्रतियोगिता, क्विज़, भाषण, अभिविन्यास व्याख्यान और नाटक शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य छात्रों को रैगिंग के कानूनी, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराना और सकारात्मक बातचीत को बढ़ावा देना है।

’’संस्थान का संदेश ‘रैगिंग को ना, सम्मान को हां’’’
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रैगिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से छात्रों में अनुशासन, आपसी समझ और संवेदनशीलता विकसित करने की उम्मीद की जा रही है।