सतना।। जिले में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव इस बार भी पूरे जोश और देशभक्ति के रंग में मनाया जाएगा। 15 अगस्त की सुबह जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड सतना में ठीक सुबह 9 बजे से आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।

बुधवार को इसी समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ। सुबह 9 बजे अपर कलेक्टर सुधीर बेक ने प्रतीक स्वरूप मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। वे सफेद जिप्सी पर सवार होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह बघेल और रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल के साथ परेड का निरीक्षण करते हुए परेड कमांडरों से भी परिचित हुए।

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

रिहर्सल के दौरान पुलिस बल की सधी हुई कदमताल और शिस्त ने समारोह के अनुशासन का आभास दिलाया। शहर के तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर माहौल को देशभक्ति के गीतों और नृत्यों से सराबोर कर दिया। बच्चों ने सामूहिक पीटी का शानदार प्रदर्शन भी किया, जिसे देख उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों ने तालियों से सराहा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, एसडीएम राहुल सिलाडिया, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा, तहसीलदार सौरभ मिश्रा सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह चरम पर है। मुख्य समारोह में न केवल परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को भव्य बनाएं।