नरसिंहपुर। गोटेगांव नगर के प्रमुख भगतराम चौराहे पर स्थित एलएमबी होटल में गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल के भीतर से धुएं का गुबार उठता देख लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही पलों में लपटों ने होटल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किचन सामग्री और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने के कारण होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से आस-पास के दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर लिए हैं। सौभाग्य से घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, बड़ी अनहोनी टल गई है। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी रहे, वहीं प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।