सतना,मध्यप्रदेश।। खरीफ सीजन के बीच सतना जिले में यूरिया और अन्य रासायनिक खाद की भारी कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालात इतने खराब हैं कि किसान रात से ही टोकन के लिए लाइन में लगते हैं, लेकिन न तो टोकन मिल रहा है और न ही खाद। इस अव्यवस्था से नाराज किसानों ने गुरुवार को नागौद में एनएच-39 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात घंटों प्रभावित रहा।

दो गोदामों में हंगामा, नागौद में तना
गुरुवार को खाद वितरण के लिए दो अलग-अलग गोदामों पर हंगामे की स्थिति बनी, जिनमें नागौद की स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही। जिला प्रशासन ने टोकन व्यवस्था लागू कर रखी है, लेकिन सप्लाई मांग के मुकाबले बेहद कम है। इसी वजह से मार्कफेड के सतना और सिविल लाइन गोदामों पर भी सुबह से किसान लंबी कतारों में खड़े हैं।

जाम खत्म कराने में जुटी पुलिस

पन्ना-सतना रोड पर किसानों द्वारा लगाए गए जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलड़िया और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश देकर किसानों को शांत किया और जाम खत्म कराया।

600 रुपये में खुलेआम बिक रही खाद का आरोप

किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाजार में खाद खुलेआम 600 रुपये में बेची जा रही है। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि वीडियो या अन्य सबूत मिले तो तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगा।

फसल बुआई पर मंडरा रहा संकट

खरीफ फसल की बुआई का समय तेजी से निकल रहा है, जिससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अतिरिक्त खाद की खेप जिले में पहुंचाई जाएगी, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।