जबलपुर। चरगवां थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 343 पाव देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी के नेतृत्व में की गई, जिसमें एएसआई लाल सिंह मेजर, एएसआई मनीष भसेड़िया और सिपाही अभिषेक की भूमिका अहम रही।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जबलपुर से एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर चरगवां क्षेत्र में प्रवेश करने वाला है। सूचना पर टीम ने उमरिया डूंगरिया तिराहा, बुधेश्वर महादेव मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ समय बाद एक संदिग्ध युवक वहां से गुजरता दिखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें 343 पाव अवैध देसी शराब बरामद हुई।

आरोपी की पहचान करण चरवर्ती के रूप में हुई, जो यह शराब जबलपुर से खरीदकर ग्रामीण इलाकों में अवैध बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और उसके सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इस तस्करी में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को हर हाल में कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अन्य अवैध शराब कारोबारी सकते में हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी अभियान चलाए जाएंगे, जिससे इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके।