सतना।।जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कृपालपुर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 7 वर्षीय मासूम बच्ची महक गोंड (पिता संजय गोंड) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

बहन के साथ घर से निकली थी महक

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे महक की बड़ी बहन दुर्गा (14 वर्ष) बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। महक भी उसके पीछे-पीछे मेन रोड तक चली गई। दुर्गा ने उसे घर लौट जाने को कहा और खुद ऑटो से शहर चली गई।

झाड़ियों में बेहोश मिली मासूम

करीब तीन घंटे बाद जब दुर्गा बाजार से वापस लौटी तो उसने बस अड्डे के पास महक की चप्पल पड़ी देखी। उसने आसपास तलाश शुरू की और कुछ दूरी पर सड़क किनारे झाड़ियों में महक को बेहोश पड़ा पाया। दुर्गा तुरंत उसे घर लेकर आई।

जिला अस्पताल में मौत की पुष्टि

परिजन महक को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की अचानक मौत से परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि बच्ची की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई। पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

जांच में जुटा पुलिस प्रशासन

फिलहाल पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है। बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के चलते आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।