नरसिंहपुर,: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रेवानगर में एक पूर्व छात्र ने अपनी टीचर पर एकतरफा प्यार में असफल होने पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से घायल टीचर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी छात्र फरार है.


 

क्या है पूरा मामला?

 

घटना मंगलवार सुबह की है. रेवानगर की रहने वाली एक 30 वर्षीय महिला टीचर जब अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं, तो उनके घर के पास ही घात लगाए बैठे उनके पूर्व छात्र ने उन्हें रोक लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र टीचर से एकतरफा प्यार करता था और काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था.आज सुबह जब टीचर ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो गुस्से में आकर उसने उन पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी. आग लगते ही टीचर चीखने लगीं, जिनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. लोगों ने तुरंत आग बुझाई और टीचर को गंभीर हालत में नरसिंहपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया.


 

आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी

 

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया. पुलिस को सूचना मिलते ही, एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.