भोपाल, 

राजधानी के हमीदिया अस्पताल में कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। राजगढ़ निवासी एक दंपत्ति ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही और बदसलूकी के कारण उनकी डेढ़ माह की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर मारपीट और धमकी देने तक के आरोप लगाए हैं।

ऑपरेशन से जन्मी थी बच्ची

राजगढ़ जिले के रहने वाले केसर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी प्रियंका सुंदर बाई को तीन दिन पहले हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से जन्मी बच्ची शुरू से ही बीमार थी। इलाज के दौरान अचानक बच्ची का पेट फूलने लगा। जब परिजनों ने डॉक्टरों से इसका कारण पूछा तो उनका रवैया बेहद खराब रहा।

नलकी निकाल दी, परिजनों से बदसलूकी

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर और वार्ड में मौजूद स्टाफ ने बच्ची के पेट से लगी नलकी निकाल दी और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो डॉक्टर उन पर बिगड़ गए। यही नहीं, आरोप है कि बच्ची के माता-पिता के साथ बदसलूकी की गई और उन्हें पटक कर मारने की धमकी तक दी गई।

बच्ची की मौत और गुस्से में परिजन

इलाज में लापरवाही और नलकी निकालने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए और पूरे मामले की शिकायत लिखित रूप से की।

CMO को दिया आवेदन

परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी एक आवेदन के जरिए ड्यूटी पर तैनात सीएमओ (इमरजेंसी बिल्डिंग) को सौंपी है। आवेदन में उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही, बदसलूकी और धमकी देने के आरोप दर्ज कराए हैं।

अब कार्रवाई पर निगाहें

मामला सामने आने के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या एक्शन लेता है।