सतना। कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की दोपहर अचानक हुए सिलेंडर धमाके से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में अस्पताल के फार्मासिस्ट संतोष यादव घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके हाथ में चोट आई है। धमाके के बाद अस्पताल परिसर में भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई और मरीज से लेकर स्टाफ तक सब सुरक्षित स्थान की ओर भागे। 
मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में उपयोग होने वाले सिलेंडर खाली हो चुके थे, जिन्हें भरने के लिए भेजा जाना था। इसी बीच फार्मासिस्ट संतोष यादव ने एक सिलेंडर में लीकेज देखा। बताया जाता है कि वह सिलेंडर की जांच कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। 
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल फार्मासिस्ट को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत यह रही कि धमाके से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और सिलेंडर  ब्लास्ट का असर सीमित दायरे तक ही रहा। इस संबंध में कोठी स्वास्थ्य केन्द्र की बीएमओ डॉ. अल्का माहुले ने बताया कि सिलेंडर धमाके की घटना हुई है, लेकिन सौभाग्य से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। केवल एक फार्मासिस्ट को चोट लगी है, जिन्हें उपचार दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज और अन्य स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं।