जबलपुर। शहर में शराब माफियाओं की दबंगई एक बार फिर उजागर हुई है। ओमती थाना क्षेत्र में स्थित शराब दुकान के पास बने साई डोसा सेंटर पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ शराब माफियाओं और उनके गुर्गों ने खुलेआम मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के सामने हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शराब माफियाओं के गुर्गे कर्मचारियों को बेरहमी से पीट रहे थे। इस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने मारपीट रोकने की बजाय चुप्पी साधे रखी। यही नहीं, पुलिस ने बाद में घटना की जानकारी से भी साफ इनकार कर दिया।

दुकान का सामान सड़क पर फेंका

गुंडों ने सिर्फ कर्मचारियों से मारपीट ही नहीं की, बल्कि दुकान में रखा सामान भी उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद डरे-सहमे कर्मचारियों ने दुकान बंद कर दी।

CCTV और मोबाइल कैमरे में कैद घटना

पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों और मोबाइल फोन में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह गुर्गे कर्मचारियों पर हमला कर रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

 

स्थानीय लोगों का आक्रोश

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शराब दुकान के पास बने अवैध अहाते में आए दिन हंगामा और गाली-गलौज होती रहती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस शराब माफियाओं के दबाव में काम कर रही है। यही वजह है कि आए दिन यहां गुंडागर्दी होती है और आम लोगों की जान खतरे में पड़ती है।