सतना।। शहर के धवारी गली नंबर 4 में सोमवार सुबह सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से 20 वर्षीय युवक राज रैकवार का शव बरामद हुआ। राज बीते चार दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।मिली जानकारी के अनुसार, राज रैकवार 22 अगस्त की शाम काम से लौटते समय अचानक गायब हो गया था। घर न पहुंचने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 23 अगस्त को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

रविवार को राज की चप्पल कुएं के पास मिली थी, जिससे शक और गहरा गया। सोमवार सुबह एक महिला पूजा के लिए पानी भरने कुएं पर गई तो उसे तेज बदबू महसूस हुई। झांककर देखने पर कुएं में शव नजर आया। तुरंत पुलिस को खबर दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान राज रैकवार के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।