भोपाल, मध्य प्रदेश – मध्यप्रदेश सरकार ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश भर में 27 अगस्त 2025 को मनाए जाने वाले गणेश चतुर्थी के त्यौहार को पहले ऐच्छिक अवकाश के रूप में सूचीबद्ध किया गया था, लेकिन अब राज्य शासन ने इसमें संशोधन कर इसे पूरे प्रदेश के लिए सामान्य अवकाश घोषित कर दिया है।यह फैसला सरकारी कर्मचारियों और आम जनता को गणेशोत्सव मनाने के लिए और अधिक सुविधा देने के उद्देश्य से लिया गया है।

 

आदेश में क्या है?

 

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव सुभाष कुमार द्विवेदी द्वारा जारी एक अधिसूचना में इस बदलाव की जानकारी दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि, "राज्य शासन एतदद्वारा इस विभाग की समसंख्यक अधिसूचना दिनांक 21 दिसंबर 2024 में आंशिक संशोधन करते हुए, बुधवार दिनांक 27 अगस्त 2025 को गणेश चतुर्थी, पूर्व घोषित ऐच्छिक अवकाश के स्थान पर संपूर्ण मध्यप्रदेश में सामान्य अवकाश घोषित किया जाता है।"यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से और उनके आदेशानुसार जारी किया गया है। इसका मतलब यह है कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और अन्य सरकारी विभाग इस दिन पूरी तरह से बंद रहेंगे।

 

लाखों कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

राज्य सरकार के इस कदम से लाखों सरकारी कर्मचारियों को लाभ होगा, जिन्हें अब त्योहार के दिन छुट्टी लेने के लिए किसी तरह की विशेष अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी। यह निर्णय कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और त्योहारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है। इससे लोगों को परिवार के साथ मिलकर गणेश चतुर्थी का पर्व मनाने का मौका मिलेगा।