जबलपुर: स्कूल की फीस भरने के लिए रुपयों की जरूरत ने एक महिला को अपराधी बना दिया। संजिवनी नगर थाना पुलिस ने एक एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाली महिला और उसके 16 वर्षीय भांजे को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।


 

एटीएम में तोड़फोड़, 50 हजार का नुकसान

 

घटना 30 अगस्त, 2025 की है। संजिवनी नगर में रॉयल स्कूल के पास स्थित एसबीआई बैंक की शाखा के एटीएम में तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। बैंक के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार मीणा ने पुलिस को बताया कि एटीएम में लगे तीन कैमरे, जिसमें एक बड़ा और दो छोटे थे, चोरी कर लिए गए हैं। एटीएम में तोड़फोड़ करने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी।

 

सीसीटीवी से मिला सुराग, पकड़ी गई महिला

 

जाँच के दौरान पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला को एक नाबालिग लड़के के साथ वारदात करते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान भारती मेहरा (24) निवासी इंदिरा कॉलोनी, नरसिंहपुर के रूप में की। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

 

भांजे की स्कूल फीस के लिए बनाई थी योजना

 

पूछताछ में भारती मेहरा ने बताया कि उसे अपने 16 वर्षीय भांजे, जो कक्षा 11वीं में पढ़ता है, की स्कूल फीस के लिए रुपयों की सख्त जरूरत थी। इसी कारण उसने अपने भांजे के साथ मिलकर एटीएम में चोरी की योजना बनाई। योजना के अनुसार, वे एक एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर लोहे की रॉड, स्टील की रिंग रॉड, पत्ती, पाना और पिंचर जैसे औजार लेकर एटीएम पहुँचे थे।

उन्होंने एटीएम को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन रुपये नहीं निकाल पाए। इसके बाद, उन्होंने एटीएम में लगे तीनों कैमरों को तोड़कर चोरी कर लिया। उन्होंने एक कैमरा एक्टिवा की डिग्गी में और बाकी दो कैमरे व औजार घर पर छिपा दिए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटर, तीनों चोरी किए गए कैमरे और अन्य औजार भी जब्त कर लिए हैं। इस कार्रवाई में संजिवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक श्रीकांत मिश्रा, आरक्षक सूर्यकांत, हितेंद्र, शशांक और महिला आरक्षक मेघा की अहम भूमिका रही।