जबलपुर।  शहर के लिए हाल ही में एक बड़ी सौगात के रूप में मिले रानी दुर्गावती फ्लाईओवर पर लगातार हो रही अराजक गतिविधियों ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को आहत कर दिया है। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े इस फ्लाईओवर पर रील्स बनाने, स्टंट करने और गंदगी फैलाने की बढ़ती घटनाओं से परेशान होकर, मंत्री ने जबलपुर के लोगों से इसके गौरव को सहेजने की भावुक अपील की है।

रीलबाजों और स्टंटबाजों का अड्डा बना फ्लाईओवर
करोड़ों रुपए की लागत से बना रानी दुर्गावती फ्लाईओवर, जिसका उद्घाटन हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था, अब सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वालों का नया अड्डा बन गया है। मंत्री राकेश सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग इस ऐतिहासिक पुल का इस्तेमाल केवल स्टंट और रील्स बनाने के लिए कर रहे हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि शहर की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुँच रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में युवतियों को डांस करते, बाइक पर स्टंट करते और किन्नर समुदाय के लोगों को खुलेआम वीडियो शूट करते देखा जा सकता है। मंत्री ने कहा कि ये गतिविधियां न केवल शर्मनाक हैं, बल्कि यातायात सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। उन्होंने इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए युवाओं से विशेष रूप से अपील की है।

गंदगी से भी हो रही फ्लाईओवर की सुंदरता खराब
रीलबाजी और स्टंट के साथ-साथ फ्लाईओवर पर गंदगी भी एक बड़ी समस्या बन गई है। जगह-जगह पान की पीक थूकने और कचरा फेंकने से यह नया और भव्य पुल धीरे-धीरे अपनी चमक खो रहा है। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि यह हमारा और आपका कर्तव्य है कि हम इस सार्वजनिक संपत्ति को साफ और स्वच्छ रखें। उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि जबलपुर की पहचान बन गया है, और इसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि जिस सौगात को जबलपुर को मिला है, उसे सहेजने का काम हम सभी को मिलकर करना होगा, ताकि यह गौरव बना रहे।