विधायक- कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
जबलपुर।  केंट विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक अशोक रोहाणी ने  कलेक्ट्रेट में कलेक्टर दीपक सक्सेना के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री मीशा सिंह, एसडीएम रांझी श्रीमती मोनिका बागमारे और तहसीलदार सुश्री जानकी उइके सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का निर्देश
बैठक में विधायक श्री रोहाणी ने सबसे प्रमुखता से भू-माफियाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि डुमना और तिलहरी जैसे क्षेत्रों में भू-माफिया सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करके उन्हें छोटे-छोटे प्लॉटों में बेच रहे हैं। विधायक ने इस पर तुरंत और सख्त रोक लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि इन भू-माफियाओं द्वारा गरीब और कमजोर व्यक्तियों को भी जबरन उनके स्थानों से हटाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री सक्सेना ने भी इस पर गंभीरता दिखाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को भू-माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बारिश से प्रभावित लोगों को राहत, औद्योगिक विकास पर चर्चा
विधायक रोहाणी ने हाल ही में हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों और प्रभावित लोगों को आरबीसी 6(4) के तहत राहत प्रदान करने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित लोगों की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराने को कहा।इसके साथ ही, मोहनिया क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के लिए भूखंडों के संबंध में भी चर्चा की गई ताकि क्षेत्र में रोजगार और विकास को बढ़ावा मिल सके।

जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र की जन समस्याओं के समाधान और लोगों के आवेदनों को लेने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के साथ तत्परता से सहयोग करेंगे।बैठक में गोकुलपुर तालाब के पास रहने वाले लोगों से संबंधित मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। कलेक्टर श्री सक्सेना ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी लंबित मामलों का समाधान समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करें।