गणेश विसर्जन में हादसा: तीन युवक नदी में बहे, दो को बचाया गया, एक की तलाश जारी
मैहर।। गणेश उत्सव के दौरान विसर्जन में खुशी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब नदी में विसर्जन के दौरान तीन युवक तेज बहाव में बह गए। इनमें से दो को तो ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन एक युवक अब भी लापता है। घटना शुक्रवार देर रात अमरपाटन थाना क्षेत्र के कठहा मगरर गांव में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे गांव के लोग गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान नारायण कोरी (38) का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरे। उन्हें बचाने के लिए साथ में मौजूद जयशंकर कुशवाहा (37) ने नदी में छलांग लगा दी। लेकिन तेज धारा की चपेट में आकर वह भी फंस गए।
स्थिति बिगड़ते देख तीसरे युवक विजय शंकर कुशवाहा (35) ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विजय और जयशंकर को तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन नारायण कोरी गहराई और तेज बहाव में समा गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रात में ही नदी किनारे तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी और तलाश रोक दी।
सुबह से फिर शुरू हुई खोज
शनिवार सुबह घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते और तहसीलदार रामदेव साकेत मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने नदी के कई स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। लेकिन अब तक नारायण कोरी का कोई सुराग नहीं मिला है।
SDRF टीम बुलाई गई
थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि नदी में तेज बहाव और गहराई होने के कारण तलाशी में दिक्कतें आ रही हैं। इस कारण रीवा से SDRF की विशेष टीम को बुलाया गया है। टीम रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दी है।
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा
कलपक्कम रिएक्टर: भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा का नया मील का पत्थर