भोपाल: राजधानी भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ट्रैफिक A.S.I. पर एक युवक को धमकाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने पुलिसकर्मी के खिलाफ CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उसे बयान देने के लिए बुला रही है। इस घटना का एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


 

क्या है पूरा मामला?

 

यह घटना बीते रविवार की है, जब इमरान नामक एक युवक भोपाल के जेके रोड से गुजर रहा था। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (A.S.I.) ने चालान के नाम पर इमरान के साथ गाली-गलौज की और उससे 2500 रुपये वसूल लिए, जिसकी कोई रसीद भी नहीं दी गई।

इस अवैध वसूली और दुर्व्यवहार से परेशान होकर इमरान ने इस घटना की शिकायत सीधे CM हेल्पलाइन पर दर्ज करा दी।

 

धमकी का ऑडियो वायरल

 

इमरान की शिकायत से गुस्साए A.S.I. ने उसे फोन पर धमकाना शुरू कर दिया। वायरल हो रहे ऑडियो और वीडियो में A.S.I. को यह कहते सुना जा सकता है, "तूने CM हेल्पलाइन पर कंप्लेंट की है, रुक... लड़की को अशोक गार्डन थाने भेजकर तेरे खिलाफ कंपलेंट करवाता हूं।" इस धमकी के बाद, इमरान काफी डर गया है।

CM हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद, पुलिस ने इमरान को अपने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। लेकिन A.S.I. की धमकी से डरा हुआ इमरान पुलिस के पास जाने से भी कतरा रहा है। उसे डर है कि कहीं बयान के बहाने बुलाकर उसके ऊपर कोई और कार्रवाई न कर दी जाए।

यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है, और अब देखना यह होगा कि इस वायरल ऑडियो और धमकी के बाद वरिष्ठ अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं।