जबलपुर के बरगी बांध पर मंडरा रहा है खतरा, गैलरी में हो रहा है अत्यधिक जल रिसाव
जबलपुर: जबलपुर स्थित बरगी बांध, जो इस समय 423.5 मीटर के उच्चतम जलस्तर पर है, फिलहाल हाई अलर्ट पर है। बांध की सुरक्षा पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि इसकी रीढ़ कही जाने वाली गैलरी में सामान्य से कहीं अधिक जल रिसाव (सीपेज) हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैलरी के ब्लॉक नंबर 4/10 से हो रहे इस अत्यधिक रिसाव ने बांध सुरक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है।
यह लापरवाही तब और भी गंभीर हो जाती है, जब पता चलता है कि 31 जुलाई 2024 को मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग, ने स्वयं इस रिसाव की जांच की थी। जांच में पाया गया कि सामान्य रिसाव की मात्रा 0.05 लीटर प्रति सेकंड होनी चाहिए, जबकि वर्तमान में यह 0.065 लीटर प्रति सेकंड है, जो सामान्य से 0.015 लीटर अधिक है। इस गंभीर स्थिति के बाद, 1 अगस्त 2024 को मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग ने मुख्य अभियंता, बरगी हिल्स के माध्यम से बांध सुरक्षा संचालक, भोपाल को सुरक्षा ऑडिट करने के लिए पत्र भी लिखा था।
लेकिन, हैरानी की बात यह है कि इस पत्राचार के बावजूद, वरिष्ठ कार्यालय की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई या जांच नहीं की गई है। इस लापरवाही का आलम यह है कि गैलरी में लगातार चलने वाली डी-वॉटरिंग मोटर और बिजली आपूर्ति अगर कुछ समय के लिए भी बंद हो जाए, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। इससे न केवल बांध की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है, बल्कि यहां काम करने वाले कर्मचारियों की जान भी जोखिम में है, जिसके कारण उनमें भय का माहौल है।
स्थानीय अधिकारियों से जब इस लापरवाही के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने वरिष्ठ कार्यालय को लिखित सूचना देने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। बरगी बांध, जो मध्य प्रदेश की जीवन रेखा माना जाता है, उसकी सुरक्षा के प्रति यह उदासीनता और अनदेखी बड़े सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह है कि क्या वरिष्ठ अधिकारी इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हैं या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा
कलपक्कम रिएक्टर: भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा का नया मील का पत्थर