भोपाल। राजधानी के वीआईपी रोड पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही किया कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे लोडिंग ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


टक्कर से मची अफरातफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड काफी तेज थी और चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे वह सीधे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद चालक की जान नहीं बच सकी। टक्कर के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और कार के शीशे भी चकनाचूर हो गए।


पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया। चालक के शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ कर वाहन को जब्त कर लिया है।


जांच में जुटी पुलिस

कोहेफिजा पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि या तो कार चालक तेज रफ्तार में था या फिर झपकी आने से उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।