जबलपुर। शहर का प्रतिष्ठित कलानिकेतन पॉलिटेक्निक कॉलेज मंगलवार को जंग का अखाड़ा बन गया। कॉलेज परिसर में एमपीएसयू और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर खूनी झड़प हुई। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर बेसबॉल, लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया। अचानक मचे इस बवाल से कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आरोप-प्रत्यारोप तेज

सूत्रों के मुताबिक, कॉलेज में पहले से मौजूद एमपीएसयू कार्यकर्ताओं और वहां पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

  • एबीवीपी का आरोप है कि एमपीएसयू के कार्यकर्ता कॉलेज के अंदर गांजा और नशे का व्यापार करते हैं, जिसका उन्होंने विरोध किया।

  • वहीं एमपीएसयू का कहना है कि संगठन को तोड़ने और शिक्षा माफिया के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला कराया गया।

दोनों पक्षों के छात्र घायल

इस झड़प में एमपीएसयू के यस और अद्भुत दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एबीवीपी के पृथ्वी सोनकर, राहुल सिंह और सार्थक चौधरी को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस की तैनाती

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। कॉलेज परिसर में फिलहाल भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि दोबारा टकराव की स्थिति न बने।

शिकायतें दर्ज

झगड़े के बाद दोनों संगठनों की ओर से ओमती पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।