जबलपुर।  एक ओर जहां 25 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से फंदे पर झूलता मिला, वहीं दूसरी ओर 42 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने इलाके में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है।

पजवारा में युवक की आत्महत्या
पजवारा गांव में रहने वाले देव ठाकुर (25 वर्ष) सुबह अचानक घर से लापता हो गए। परिजन और ग्रामीण तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो उन्हें नीम के पेड़ से फांसी पर झूलता पाया। बेटे का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

गोराबाजार में महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत
इसी दिन थाना गोराबाजार क्षेत्र की साकुफा बेगम (42 वर्ष), निवासी नई कॉलोनी गुलशन वार्ड, का एक निजी अस्पताल में गर्भाशय का ऑपरेशन चल रहा था। देर रात अचानक उनका ब्लड प्रेशर गिरा और खून अधिक बहने लगा। डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन रात 2 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से यह मौत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दोनों घटनाओं से परिवार ही नहीं बल्कि पूरा इलाका गमगीन है। युवक की असमय मौत ने गांव को दहला दिया, तो महिला की मृत्यु ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।