जबलपुर। बुधवार दोपहर लगभग 3:50 बजे नए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का कलेक्ट्रेट कार्यालय में औपचारिक आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही समिति और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने फूल-माला, गुलदस्ते और स्मृति चिन्ह (मूमेंटो) देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पहली ही मुलाक़ात में जनता से जुड़ाव

कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद एक परिवार अपनी बच्ची की स्कूल संबंधी समस्या लेकर पहुंचा था। नवागत कलेक्टर ने बिना देरी किए उनकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। आमजन की बात सीधे सुनने और समाधान का भरोसा देने का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को प्रभावित कर गया।

मानचित्र का बारीकी से अवलोकन

स्वागत कार्यक्रम के बाद राघवेंद्र सिंह कलेक्ट्रेट के हाल में पहुंचे, जहां उन्होंने जिले का विस्तृत मानचित्र देखा। उन्होंने विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक ढांचे को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। अधिकारियों ने जिले की भौगोलिक स्थिति, विकास योजनाओं और प्राथमिकताओं का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

सादगी और तत्परता से बने चर्चा का विषय

नवागत कलेक्टर का सरल अंदाज़ और जनता से सीधा संवाद कलेक्ट्रेट परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। आगमन के कुछ ही समय में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जनसुनवाई, पारदर्शिता और त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

स्थानीय नागरिकों और संगठनों ने उम्मीद जताई है कि राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और आम जनता की समस्याओं के समाधान में और तेजी आएगी।