जबलपुर/
क्षेत्रीय बिजली संकट और अधूरे वादों से नाराज किसानों का गुस्सा शुक्रवार को बघराजी में फूट पड़ा। सब स्टेशन पावर हाउस में खराब पड़े **5 केवीए पीटीआर ट्रांसफार्मर** को बदलने के लिए विभाग ने एक माह पूर्व **10 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन** दिया था, लेकिन एक माह बाद भी किसानों को वही पुराना 5 का ट्रांसफार्मर दिया गया। इसे देखकर किसानों ने विद्युत विभाग पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया और सब स्टेशन गेट पर ताला जड़कर धरने पर बैठ गए।

सैकड़ों किसान पुलिस चौकी पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सब स्टेशन गेट पर ही **भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया।** आंदोलन कर रहे किसानों ने क्षेत्रीय विधायक **संतोष बरकड़े के खिलाफ जमकर नारेबाजी** की और यहां तक कहा कि “अब झूठे आश्वासन नहीं मानेंगे, चाहे जान ही क्यों न चली जाए।”

 अफसर पहुंचे मौके पर, एक घंटे तक चली बहस

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचे। किसानों और अफसरों के बीच करीब एक घंटे तक बहस होती रही। आखिरकार विद्युत विभाग के जिला अधिकारी ने उच्चाधिकारियों से चर्चा के बाद किसानों को लिखित आश्वासन दिया कि **फिलहाल 5 का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है ताकि बिजली बाधित न हो, परंतु एक माह के भीतर इसे बदलकर 10 का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।** इसके बाद ही किसानों का आक्रोश कुछ शांत हुआ।

 कॉलेज का मुद्दा भी गरमाया

धरने पर बैठे किसानों ने बिजली संकट के साथ-साथ **बघराजी में शासकीय कॉलेज खोलने की मांग** भी जोरशोर से उठाई। किसानों ने कहा कि यदि कॉलेज की मांग पूरी नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर **अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल** करेंगे।

 विधायक की बेइज्जती बनी चर्चा का विषय

धरना स्थल पर नाराज किसानों ने विधायक संतोष बरकड़े के खिलाफ “मुर्दाबाद” के नारे लगाए। बताया जा रहा है कि किसानों ने कई बार विधायक को फोन लगाया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग कह रहे हैं कि अब जनता सड़क पर उतरी है तो ही कॉलेज निर्माण और अन्य वादे पूरे होंगे।