जबलपुर,। शुक्रवार को पनागर के सरस्वती स्कूल में उस समय दहशत फैल गई जब एक महिला हाथ में ब्लेड लेकर स्कूल परिसर में घुस गई। महिला सीधे बच्चों के खेल के मैदान में गई और उन्हें पकड़ने की कोशिश करने लगी। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए स्कूल स्टाफ तुरंत हरकत में आया और उसे घेरकर पकड़ लिया। समय रहते स्टाफ की बहादुरी और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पनागर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपनी हिरासत में ले लिया।

 

बच्चों को धमकाकर लूटती थी गहने

 

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह महिला पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। वह बच्चों को ब्लेड से डराती-धमकाती थी और उनके गले में पहने सोने-चांदी के गहने या अन्य कीमती सामान उतरवा लेती थी। हाल ही में यह महिला शहर के लिटिल किंग्स स्कूल, पड़ाव में भी ऐसी ही घटना को अंजाम देते हुए पकड़ी गई थी, लेकिन उस समय वह किसी तरह पुलिस की गिरफ्त से बच निकली थी।इस घटना के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों में डर का माहौल है। माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

 

पुलिस कर रही पूछताछ, गिरोह होने की आशंका

पनागर पुलिस ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी पहचान और उसके पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह महिला किसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं है, जो बच्चों को निशाना बनाता है। पुलिस ने शहर के सभी स्कूलों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को परिसर में प्रवेश न करने दें। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।