मंदसौर जिले में गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट एयर बैलून में सवार होने की तैयारी कर रहे थे, तभी बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई. तेज हवाओं की वजह से बैलून उड़ान नहीं भर सका. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, और सुरक्षाकर्मियों ने सीएम की ट्रॉली को सुरक्षित संभाला, जिससे मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे.

 

घटना हिंगलाज रिसोर्ट के पास सुबह हुई, जहां सीएम ने रात बिताई थी. शुक्रवार को उन्होंने गांधीसागर फेस्टिवल के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया था. इस दौरान उन्होंने चंबल डैम के बैक वाटर एरिया में क्रूज की सवारी की और शनिवार सुबह रिट्रीट में बोटिंग का लुत्फ उठाया. हॉट एयर बैलून गतिविधि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन 20 किलोमीटर प्रति घंटा की हवा की रफ्तार के कारण उड़ान संभव नहीं हुई.