जबलपुर। नगर निगम के नए कमिश्नर ने रामप्रकाश अहिरवार ने पदभार संभालते ही शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को उन्होंने सिविल लाइंस क्षेत्र, सिविक सेंटर, रानीताल जीटी और कम्पोस्ट प्लांट का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

मौके पर मिला कचरा व मलबा
निरीक्षण के दौरान कई जगह कचरा जमा मिला और सीएंडडी (कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन) का मलबा पड़ा था। कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि यह लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने तत्काल मलबा हटाने और पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंक का लक्ष्य
कमिश्नर ने कहा कि जबलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंक दिलाना ही प्राथमिक लक्ष्य है। इसके लिए हर वार्ड में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, कम्पोस्ट प्लांट की क्षमता बढ़ाने और कचरा निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने के आदेश दिए गए।

अधिकारियों को 24 घंटे की डेडलाइन
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और लापरवाह पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कमिश्नर ने कहा, “शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है, इसमें किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।”

जनभागीदारी पर जोर
कमिश्नर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे घर का कचरा निर्धारित समय और स्थान पर ही दें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा प्लास्टिक का प्रयोग कम करें। उन्होंने कहा कि जब तक नागरिक सहयोग नहीं करेंगे, तब तक स्वच्छ जबलपुर का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। शहरवासियों में नए कमिश्नर की इस सख्ती को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं कि अब सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखाई देगा और जबलपुर स्वच्छता रैंकिंग में नई ऊँचाई हासिल करेगा।