सतना।। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। नागौद से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बाईपास पर स्वादिष्ट रसोई ढाबा के सामने सड़क पर बैठी पांच गायों को बेरहमी से कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सड़क किनारे बैठे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त सड़क पर हलचल सामान्य थी और ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे।


प्रत्यक्षदर्शी आदर्श त्रिपाठी, उनके दोस्त अनंत मिश्रा और सुजल बाल्मीकि ने बताया कि वे ढाबे पर भोजन कर रहे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक एमपी19-जेडीएन-6379) आया और गायों को रौंदते हुए सीधे रीवा की ओर भाग गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गायों की मौके पर ही मौत हो गई और एक बुरी तरह घायल होकर तड़पने लगी।

बहादुरी से पकड़ा गया चालक

हादसे के बाद ज्यादातर लोग सहम गए, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया। करीब मटेहना बाईपास पुल पर उन्होंने वाहन को रोक लिया। ट्रक चालक की पहचान राकेश राय, निवासी *सगरवारा गांव, थाना जतारा जिला टीकमगढ़ के रूप में हुई।

 ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों की नाराज़गी

घटना के बाद ढाबा संचालक और स्थानीय लोगों ने कहा कि देर रात सड़क पर मवेशियों का बैठना आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बनता है। कई बार प्रशासन और नगर निगम को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
लोगों का कहना है कि न तो सड़कों पर रात में पर्याप्त रोशनी है और न ही मवेशियों को नियंत्रित करने के ठोस इंतज़ाम।