जबलपुर। गोंडवाना एक्सप्रेस (22182) की जनरल बोगी में बुधवार को सीट को लेकर जबरदस्त हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही इस ट्रेन की सामान्य श्रेणी की बोगी में सफर कर रहीं महिलाओं के बीच पहले सीट को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते-देखते हाथापाई में बदल गई। कुछ पुरुष यात्री भी इस झगड़े में शामिल हो गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ भरी बोगी में महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल खींचे और जमकर मारपीट की। अफरा-तफरी के बीच अन्य यात्रियों ने किसी तरह खुद को बचाया और घटना का वीडियो मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

 

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कोच में सीट के लिए धक्का-मुक्की और चिल्लाहट मची हुई है। झगड़े में शामिल कुछ यात्रियों ने मारपीट करते समय अन्य यात्रियों की कोई परवाह नहीं की। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।

 

हंगामे से परेशान एक यात्री ने वीडियो रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए पोस्ट किया और लिखा—“हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर रूट की जनरल बोगियों में रोज यही हाल है। आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? कृपया तुरंत कार्रवाई कीजिए।”

 

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि गोंडवाना एक्सप्रेस में हमेशा सामान्य कोच में भारी भीड़ रहती है। त्योहारी सीजन और लंबी दूरी के कारण बिना आरक्षण यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ जाती है। इसके चलते अक्सर धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बनती है।

 

रेलवे सूत्रों ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन मास्टर और आरपीएफ से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना ने एक बार फिर रेलवे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमित यात्रियों ने मांग की है कि गोंडवाना एक्सप्रेस में अतिरिक्त जनरल कोच बढ़ाए जाएं या भीड़ वाले समय पर विशेष गाड़ियां चलाई जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिल सके।