जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक होटल के सामने पार्क की गई स्कूटी को अज्ञात चोर दिनदहाड़े चोरी कर ले गया। पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक युवक स्कूटी के पास टहलता हुआ दिख रहा है और कुछ देर बाद मास्टर चाबी से स्कूटी स्टार्ट कर फरार हो जाता है।

पुलिस के मुताबिक घटना रविवार दोपहर लगभग 1 बजे की है। पीड़ित स्कूटी मालिक अपने परिजनों के साथ होटल में भोजन करने गया था। उसी दौरान करीब 25 से 30 वर्ष का युवक होटल के बाहर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में वह पहले इधर-उधर देखते हुए संदिग्ध तरीके से टहलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने जेब से मास्टर चाबी निकाली और कुछ ही सेकंड में स्कूटी को स्टार्ट कर फरार हो गया।

होटल प्रबंधन ने तुरंत फुटेज ओमती पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर पहचान शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों की अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।

त्योहारी सीजन में बढ़ी सतर्कता की जरूरत
नवरात्रि और अन्य त्योहारों को देखते हुए इस तरह की चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक अपने दोपहिया वाहनों में अतिरिक्त सुरक्षा लॉक लगाएं और सार्वजनिक स्थलों पर पार्किंग के दौरान सावधानी बरतें।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग वीडियो शेयर कर एक-दूसरे को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।