पुलिस की सुस्ती से बढ़ा साइबर ठगों का हौसला, दो महीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
जबलपुर: शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का ढुलमुल रवैया पीड़ितों की परेशानी और बढ़ा रहा है। ताजा मामला पत्रकार भवन के पास रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी हरी प्रसाद यादव का है, जिनके खाते से शातिर ठगों ने ₹59,700 उड़ा लिए। दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो साइबर सेल ने उनकी मदद की है और न ही लॉर्डगंज थाने ने एफआईआर दर्ज की है। इस लापरवाही से पीड़ित न सिर्फ अपनी रकम गंवा चुका है, बल्कि उसका बैंक खाता भी होल्ड पर है, जिससे उसका कारोबार ठप्प पड़ गया है।
आरटीओ चालान के नाम पर ठगी
हरी प्रसाद यादव ने बताया कि वे ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। 25 अगस्त को उनके मोबाइल पर आरटीओ के नाम से एक चालान का लिंक आया। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से ₹59,700 कट गए। तत्काल उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल ने जांच की जिम्मेदारी लॉर्डगंज थाने को सौंप दी, लेकिन तब से यह मामला पुलिस की सुस्ती का शिकार हो गया है।
एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल
यादव का आरोप है कि लॉर्डगंज पुलिस ने अभी तक इस मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की है। वे पिछले दो महीनों से लगातार साइबर सेल एसपी और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। साइबर सेल और लॉर्डगंज पुलिस के बीच यह मामला फुटबॉल की तरह झूल रहा है, जिसका खामियाजा हरी प्रसाद यादव को भुगतना पड़ रहा है।
कारोबार हुआ प्रभावित
जांच में देरी के कारण हरी प्रसाद यादव का बैंक खाता भी होल्ड कर दिया गया है। इससे उन्हें अपने व्यापारिक लेनदेन में भारी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण न तो उन्हें अपनी मेहनत की कमाई वापस मिल पा रही है और न ही उनका खाता चालू हो रहा है। इस स्थिति से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस मामले ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे साफ पता चलता है कि साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार करने की सख्त जरूरत है।
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा
कलपक्कम रिएक्टर: भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा का नया मील का पत्थर