कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के बेटे का वायरल वीडियो:नेता के बेटे ने कहा आधा भोपाल मेरे नाम से डरता है
नरसिंहपुर। जिले के सियासी गलियारों में कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति के बेटे नीर प्रजापति का एक वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में नीर खुलेआम यह कहते नजर आ रहे हैं कि “आधा भोपाल मेरे नाम से डरता है और गली-गली जाकर मैं अकेले लोगों को मारता हूं।” इस बयान के साथ ही वीडियो में नगर के दो युवाओं की उनके घर बुलाकर सामूहिक पिटाई भी दिखाई दे रही है। मामले में अब तक तीन वीडियो वायरल हो चुके हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस प्रशासन की भूमिका और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुराने विवाद पर हुआ मामला
वीडियो में दिख रहे युवक नगर में गौ सेवा, भारतीय जनता युवा मोर्चा और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं। एक युवक अनिकेत बैरागी तो संघ के स्वयंसेवक के रूप में लंबे समय से सेवाएं देते चले आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन युवकों का होटल में नीर प्रजापति के चचेरे भाई अमित प्रजापति उर्फ अम्मू से झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को आगे बढ़ाते हुए अनिकेत बैरागी व नीरज बैरागी को नीर और उनके परिजनों ने अपने घर बुलाया और वहां उनकी बुरी तरह पिटाई कर अपमानजनक वीडियो भी बनाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने वायरल वीडियो पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती रही है, लेकिन इस मामले में अब तक चुप्पी सवाल खड़े कर रही है। नगर में चर्चा है कि क्या यह मामला राजनीतिक दबाव में दब जाएगा। खासतौर पर भाजपा और उससे जुड़े संगठनों द्वारा गौ सेवा व धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय युवाओं के साथ हुई मारपीट पर अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया न देना भी लोगों को खटक रहा है।
चर्चा इस बात की
लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या पुलिस और प्रशासन, नीर प्रजापति और उनके परिजनों पर सख्त कदम उठाएंगे या फिर यह मामला भी राजनीतिक रसूख की भेंट चढ़ जाएगा। फिलहाल जिले में यह मुद्दा चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।
पत्नी की हत्या कर शव बोरी में छुपाया, आरोपी ने कबूला जुर्म
बंगाल चुनाव के बीच ED का एक्शन, कई ठिकानों पर छापेमारी
AAP ने खटखटाया राज्यसभा सभापति का दरवाजा, 7 सांसदों की सदस्यता पर सवाल
एमपी में 2025 बैच के IAS अधिकारियों की पोस्टिंग, प्रशासन को मिले नए चेहरे