जबलपुर: शहर के माढ़ोताल आईटीआई क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 5 युवकों ने एक व्यक्ति को पहले लात-घूंसों से पीटा और फिर घर से तलवार लाकर उस पर दनादन वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मामूली कहासुनी बनी हत्या की वजह

घटना माढ़ोताल आईटीआई के पास चुंगीनाका पर दुर्गा जुलूस के दौरान हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी नगर आईटीआई, गली नंबर 5 के निवासी ईश्वर प्रसाद वंशकार (38 वर्ष) का जुलूस में शामिल छह युवकों से कहासुनी हो गई।मृतक की पहचान ईश्वर प्रसाद वंशकार के रूप में हुई है, जिसका विवाद फुलवर भट्ट, अरुण भट्ट, अरुण जैन, राज भट्ट और शिवम चक्रवर्ती सहित कुल छह आरोपियों से हुआ था। शुरू में विवाद लात-घूंसों तक सीमित रहा, लेकिन जब मामला नहीं सुलझा, तो आरोपी अपने घर से तलवार लेकर वापस आए और ईश्वर पर हमला कर दिया।

 

सिर और पैर में गहरे घाव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने ईश्वर प्रसाद वंशकार के सिर और पैरों पर तलवार से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान होकर गिर पड़ा।आसपास के लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपियों को मौके से भगाया। गंभीर रूप से घायल ईश्वर प्रसाद को आनन-फानन में मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, तलाश जारी

माढ़ोताल पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) का प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और दावा किया है कि जल्द ही सभी हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।