जबलपुर। केंद्रीय मंत्री दुर्गा दास उइके ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया में कथित तौर पर सिरप के सेवन से हुई बच्चों की मौत की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। श्री उइके जबलपुर पहुंचने पर इस गंभीर मामले पर मीडिया से बात कर रहे थे।

 

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने की मुलाकात

केंद्रीय मंत्री दुर्गा दास उइके ने बताया कि यह घटना अत्यंत दुखद और संवेदनशील है। प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, स्वास्थ्य मंत्री और छिंदवाड़ा के सांसद ने खुद मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की है।

 

"दोषियों को शहर से पकड़ कर लाए सरकार"

श्री उइके ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि "इस घटना में जो भी दोषी है, प्रदेश सरकार उसे उसके शहर से पकड़ कर लाए, और सख्त कार्रवाई करे।"उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार इस मामले की गंभीरता को समझते हुए कार्रवाई कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों की मौत के इस मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है और लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।