जबलपुर: शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां उत्तर प्रदेश मूल के एक व्यक्ति ने पारिवारिक रंजिश के चलते अपने साले की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जीजा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रहमत अली के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अनिया कला का निवासी था। रहमत अली लगभग 15 दिन पहले जबलपुर आया था और अपने परिचित सराफत अली के साथ रहकर फेरी लगाकर चादर बेचने का काम करता था।

रविवार रात करीब 7:45 बजे, जब रहमत अली चादर बेचकर वापस लौटा, तो उसके पीछे-पीछे उसका बहनोई जमील अहमद भी आ गया। जमील अहमद भी उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है और दो दिन पहले ही जबलपुर आया था।

पत्नी को लेकर शुरू हुआ विवाद
सराफत अली ने पुलिस को बताया कि जमील अहमद ने आते ही रहमत अली से झगड़ा शुरू कर दिया। जमील का आरोप था कि उसकी पत्नी नसरीन बानों (जो रहमत अली की बहन है) उसके साथ नहीं रहती है और इसी वजह से रहमत अली और उसके परिवार वाले उससे बुराई रखते हैं। जमील ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार की बुराई के कारण ही उसे यहां कोई काम नहीं मिल रहा है।

चाकू से सीने पर किया जानलेवा हमला
विवाद इतना बढ़ा कि नशे के आदी जमील अहमद ने तैश में आकर अपनी जेब से चाकू निकाला और हत्या की नीयत से रहमत अली के सीने में बाईं तरफ ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रहमत अली वहीं जमीन पर गिर गया, जबकि आरोपी जमील अहमद तुरंत मौके से भाग निकला।

अस्पताल ले जाते ही हुई मौत
आनन-फानन में सराफत अली और बाबू खान घायल रहमत अली को ऑटो से लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, लेकिन रात लगभग 11:05 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद रहमत अली को मृत घोषित कर दिया।

नशे और प्रताड़ना का पुराना इतिहास
मृतक के परिचितों और साथ रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी जमील अहमद नशे का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी नसरीन बानों से मारपीट करता था। जानकारी के मुताबिक, जमील ने कुछ समय पहले सीतापुर में अपनी पत्नी की उंगलियां भी काट दी थीं। पत्नी की लगातार प्रताड़ना के कारण नसरीन बानों उसे छोड़कर मायके में रह रही थी। इसी बात से जमील आक्रोशित था और साले को इसका जिम्मेदार मान रहा था।हनुमानताल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी जीजा जमील अहमद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।