जबलपुर में धर्म परिवर्तन का सनसनीखेज मामला: 8 साल के हिंदू बच्चे का स्कूल रिकॉर्ड में धर्म बदला, पिता ने ईसाई पत्नी और स्कूल पर लगाए गंभीर आरोप
जबलपुर। शहर के बिलहरी क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का एक बड़ा और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक हिंदू पिता ने अपनी ईसाई पत्नी और एक प्रतिष्ठित स्कूल पर उनके 8 वर्षीय बेटे का धर्म अवैध तरीके से बदलकर स्कूल के दस्तावेजों में 'ईसाई' दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
पिता का आरोप: तलाक से पहले बदला धर्म
बिलहरी निवासी राजेश मीणा ने बताया कि उनकी शादी 2011 में एत्सी कोतेसो नामक महिला से हुई थी। कुछ साल सब ठीक चला, लेकिन बाद में उनकी पत्नी ने धर्म परिवर्तन की जिद शुरू कर दी। राजेश मीणा के मना करने पर पत्नी ने तलाक के लिए कोर्ट में आवेदन दिया, जो फिलहाल विचाराधीन है।
राजेश मीणा का आरोप है कि उनका 8 वर्षीय बेटा अपनी माँ के साथ रहता है। पत्नी ने सदर स्थित सेंट अलायसिस स्कूल में जब बेटे का दाखिला कराया, तो न सिर्फ उसका नाम बदला गया, बल्कि सभी स्कूल दस्तावेजों में उसका धर्म 'ईसाई' अंकित कर दिया गया है। पिता का कहना है कि कानूनी रूप से उनका तलाक अभी नहीं हुआ है, ऐसे में उनकी सहमति के बिना बच्चे का धर्म बदलना और स्कूल रिकॉर्ड में हेरफेर करना एक गंभीर कानूनी अपराध है।
हिंदू धर्म सेना ने किया विरोध, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
इस मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू धर्म सेना के अध्यक्ष अर्पित ठाकुर और योगेश अग्रवाल ने कड़ा विरोध जताया। वे पीड़ित पिता राजेश मीणा के साथ कलेक्ट्रेट पहुँचे और इस कथित धर्म परिवर्तन को लेकर जमकर हंगामा किया।
हिंदू धर्म सेना के अध्यक्ष अर्पित ठाकुर ने मीडिया को बताया कि पीड़ित पिता राजेश मीणा ने धर्म परिवर्तन से संबंधित सभी दस्तावेज प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारी सड़कों पर उतरकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।यह मामला अब कानूनी और सामाजिक दोनों तरह से तूल पकड़ता जा रहा है, और सबकी निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस संवेदनशील प्रकरण में क्या कदम उठाते हैं।
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा
पत्नी की हत्या कर शव बोरी में छुपाया, आरोपी ने कबूला जुर्म
बंगाल चुनाव के बीच ED का एक्शन, कई ठिकानों पर छापेमारी