जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्दीकोरी की दफाई में शुक्रवार दोपहर एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक भाई ने अपने ही बड़े भाई और भाभी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

क्या है मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संजय चौधरी और उनके छोटे भाई बबलू चौधरी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दोनों भाइयों के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आग बबूला बबलू चौधरी ने धारदार हथियार से अपने बड़े भाई संजय चौधरी और उनकी पत्नी बबीता पर हमला कर दिया। वार इतने घातक थे कि संजय और बबीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही घमापुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को तत्काल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी बबलू चौधरी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद बल्दीकोरी की दफाई में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।