जबलपुर। भाजपा की जबलपुर महानगर की कार्यकारिणी की सूची आधिकारिक घोषणा से पहले ही लीक हो गई है। जैसे ही नामों की जानकारी अंदरखाने से बाहर आई, पूरे संगठन में गुपचुप बधाइयों का दौर शुरू हो गया। कई नेताओं ने सोशल मीडिया और निजी संदेशों के जरिए अपनी “नियुक्ति” की अप्रत्यक्ष पुष्टि भी कर दी है। हालाकि, बाद में सोषल मीडिया की इन पोस्टों को डिलीट भी कर दिया गया।
-आरएसएस की बैठक बनी वजह
सूत्रों के मुताबिक, कार्यकारिणी की यह सूची संघ की जबलपुर बैठक के कारण कुछ दिनों के लिए रोक दी गयी है। संगठन ने यह फैसला लिया था कि संघ की बड़ी बैठक के बाद ही कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी। लेकिन अब सूची के लीक होने से संगठन के भीतर असहजता की स्थिति पैदा हो गई है।
जिला भाजपा कार्यालय के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि,सूची तैयार थी, पर शीर्ष स्तर से निर्देश था कि संघ की बैठक के बाद ही औपचारिक घोषणा की जाए। संगठन को डर है कि यदि लिस्ट जारी होने के बाद विरोध वगैरह हुआ और संघ के पदाधिकारियों के सामने कोई बात रखी गयी तो स्थिति नाॅर्मल नहीं रह सकेगी।  
-26 नवंबर को क्या हुआ था
बीती 26 नवंबर को जब मुख्यमंत्री जबलपुर में थे, तब भोपाल से फोन आया था कि भले ही कार्यकारिणी का अधिकृत ऐलान नहीं किया जा रहा,लेकिन सभी पदाधिकारी सीएम से विजन महल में मुलाकात करेंगे। हालाकि, यदि ऐसा होता तो एक तरह अधिकृत घोशणा ही हो जाती। इसके बाद तय किया गया कि संघ की बैठक के बाद 5 नवंबर के पूर्व लिस्ट जारी की जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सूची में कई नए और युवा चेहरों को मौका दिया गया है, जिससे कुछ वरिष्ठ नेताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। वहीं, संगठन के कुछ सदस्यों ने इस स्थिति को सामान्य बताया है।
-विधायकों को कितनी तवज्जो
कार्यकारिणी की सूची में जहां तक विधायकों को तवज्जो देने का प्रष्न है तो ऐसा नहीं लगता है कि किसी एक का पूर्ण रूप से प्रभाव दिखाई देता हो। एक विधायक ने अपने किसी नाम के लिए संगठन पर दबाव बनाया,लेकिन वो नाम काटकर किसी दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक के खासमखास का नाम जोड़ा गया। ऐसे कुछ नाम हैं,जो जुड़ते-जुड़ते रह गये।  
-ये नाम हैं कार्यकारिणी में
बीजेपी की नई महानगर कार्यकारिणी में प्रणीत वर्मा, सोनू बचवानी,पंकज दुबे, रजनीश यादव, संकल्प पाठक, रंजीत पटैल, सुदंर अग्रवाल, विभा उपाध्याय,अंजू भार्गव,योगेश बिलोंहा, कौशल सूरी एवं राहुल जैन के नाम हैं।