जबलपुर। नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में जबलपुर के तीन लोगों की दुखद मौत हो गई। यह हादसा नागपुर के देवलापार के पास हुआ। तीनों मृतक कार से नागपुर से जबलपुर लौट रहे थे।


बाइक सवार को बचाने के प्रयास में गई जान
जानकारी के अनुसार, मृतक कपिल साहनी, अमित अग्रवाल, और उनके  साथी संदीप सोनी कार में सवार होकर जबलपुर आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार देवलापार के पास पहुँची, सामने से एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर उनकी कार की तरफ आने लगा। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में, कार चालक ने अचानक कार को सड़क की विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) में मोड़ दिया।


सामने से आ रही बस ने मारी जोरदार टक्कर
विपरीत दिशा में पहुँचते ही कार सामने से तेज गति से आ रही एक बस से जोरदार तरीके से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, कार में सवार तीनों व्यक्तियों ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया।पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जबलपुर में उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद हाइवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
 मृतकों में गोपाल होटल के संचालक शामिल
बताया जा रहा है कि इस भीषण सड़क हादसे में सिविल लाइन डिलाइट टॉकीज के सामने स्थित गोपाल होटल के संचालक  कपिल साहनी की भी मौत हो गई।